कोरोना विदेश में LIVE / 195 देशों में संक्रमण और 24,114 मौतें: अमेरिका में संक्रमितों की संख्या दुनिया में सबसे ज्यादा, जिनपिंग ने ट्रम्प से की मदद की पेशकश

दुनिया के सभी 195 देश कोरोनावायरस की चपेट में हैं। 5 लाख 36 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित हैं। 24 हजार 114 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, एक लाख 24 हजार से ज्यादा मरीज ठीक भी हुए हैं। अमेरिका में कोरोनावायरस के मामले बढ़ते जा रहे हैं। यहां एक दिन में 150 जानें गईं और करीब 14 हजार नए केस सामने आए हैं। अब तक यहां 1,177 लोगों की मौत हुई है। यहां संक्रमितों की संख्या दुनिया में सबसे ज्यादा 85,594 हो गई है। अमेरिका में न्यूयॉर्क कोरोनावायरस का एपिसेंटर है। न्यूयॉर्क में अब तक 281 लोगों की मौत हो चुकी है और 21,873 संक्रमित हैं। इस बीच, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प से बात की। उन्होंने अमेरिका से मदद की पेशकश की। जिनपिंग ने ट्रम्प को वायरस से निपटने के लिए ठोस कदम उठाने और साथ मिलकर काम करने का सुझाव भी दिया।


कोरोनावायरस की वजह से अमेरिका में बड़ी संख्या में लोग बेरोजगार हुए हैं। यहां के श्रम विभाग के मुताबिक, 33 लाख लोगों ने बेरोजगार के तौर पर खुद का रजिस्ट्रेशन करवाया है। अमेरिकी इतिहास में बेरोजगारी दर का यह सबसे बड़ा आंकड़ा है।


अमेरिकी जंगी जहाज थियोडोर पर 25 नौसैनिक संक्रमित मिले


अमेरिकी जंगी जहाज थियोडोर रूजवेल्ट पर शुक्रवार को 25 नौसैनिक संक्रमित पाए गए। दो दिन पहले भी इस पोत पर तीन पॉजिटिव मामले सामने आए थे। अमेरिका के नौसेना मंत्री थॉमस मोडली ने कहा कि पोत पर और भी मामले हो सकते हैं। अब इस पर मौजूद सभी 5000 नौसैनिकों की जांच कराई जाएगी। हालांकि, उन्होंने संक्रमितों की संख्या नहीं बताई। पोत पर संक्रमण के बावजूद चीफ ऑफ नेवल ऑपरेशन्स माइक गिल्ड ने कहा है कि हमारा रुख आक्रामक रहेगा। हम क्षेत्र में किसी भी संकट से निपटने के लिए जवाबी कार्रवाई करने में सक्षम हैं। 


दक्षिण अफ्रीका तीन हफ्ते के लिए लॉकडाउन


दक्षिण अफ्रीका शुक्रवार से तीन हफ्ते के लिए लॉकडाउन कर दिया गया। सेना और पुलिस को इसे लागू कराने की जिम्मेदारी दी गई है। देश में जरूरी कामों के लिए छोड़कर कहीं भी आने-जाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। अब तक दक्षिण अफ्रीका में कोरोना के 927 पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। यह अफ्रीकी देशों में सबसे ज्यादा है। हालांकि इससे यहां अब तक एक भी मौत नहीं हुई है। 


इटली में पिछले 1 महीने 6 दिन में 8,215 मौतें


इटली में अब तक कोरोना के 80,589 मामले सामने आ चुके हैं और 8,215 लोगों की जान गई है। इटली के नागरिक सुरक्षा विभाग के निदेशक अगोस्टिनो मिओजो ने पिछले 48 घंटे में देश में 4,492 नए मामलों की पुष्टि की है। इनमें से 33,648 आइसोलेशन में हैं और 3,612 को आईसीयू में रखा गया है। वहीं, 24,753 संक्रमितों को अस्पताल के साधारण वार्ड में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि अभी तक अब तक 10,361 लोग पूरी तरह से ठीक हुए हैं। इटली में कोरोना संक्रमण का पहला मामला 21 फरवरी को सामने आया था। 


ऑस्ट्रेलिया ने संक्रमण रोकने के लिए नए नियम बनाए


ऑस्ट्रेलिया में कोरोना रोकथाम के लिए नए नियम बनाए गए हैं। प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नेशनल कैबिनेट ने संक्रमण रोकने के लिए नए नियमों को मंजूरी दे दी है। यह शनिवार आधी रात से लागू होंगे। उन्होंने कहा कि कॉम्युनिटी आउटब्रेक रोकने के लिए न्यू साउथ वेल्स और विक्टोरिया में नए प्रतिबंध लगाने की जरूरत होगी। अब विदेश से लौटने वाले लोगों को 14 दिनों तक होटलों में क्वारैंटाइन किया जाएगा। ऑस्ट्रेलिया सरकार ने इसी सप्ताह देश में दूसरे चरण के लॉकडाउन की घोषणा की थी।


तुर्की में 75 लोगों की मौत
तुर्की में गुरुवार को 16 लोगों की मौत हुई। यहां अब तक कुल 75 लोगों की जान जा चुकी है। वहीं, संक्रमण के मामले 3,629 हो चुके हैं और 26 संक्रमित ठीक हुए हैं। स्वास्थ्य मंत्री फहरेतिन कोजा ने कहा कि पिछले 24 घंटे में देश में 7,286 लोगों की जांच की गई है। उन्होंने कहा कि देश में कॉम्युनिटी आउटब्रेक का खतरा बढ़ गया है। ऐसे में लोग एक दूसरे को न छूएं, विदेश यात्रा से बचें और अपने घर के बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें।


रूस में पिछले 24 घंटे में 196 नए मामले
रूस में पिछले 24 घंटे में 196 नए मामले सामने आए हैं। यहां अब तक 1,036 पॉजिटिव केस मिले और 1 की मौत हुई है। 45 संक्रमित ठीक हुए हैं। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने गुरुवार को कहा कि हमारे एक साथी को उम्मीद है कि रूस 2-3 महीने से भी कम समय में कोरोना से निपट लेगा। हालांकि,वाकई हम कब तक इस समस्या से बाहर निकल पाएंगे यह चिंता का विषय है। मैं उम्मीद करता हूं कि ऐसा जल्द होगा।


चीन ने दूसरे देशों के लिए सीमाएं बंद की
चीन ने शनिवार (28 मार्च) से दूसरे देशों के लिए अपनी सीमा बंद करने की घोषणा की। इसने सभी अंतरराष्ट्रीय विमानों के लैंड होने पर भी 28 मार्च तक रोक लगा दी है। कोरोनावायरस को फैलने से रोकने के लिए सरकार ने यह कदम उठाया है। माना जाता है कि पिछले साल दिसंबर में चीन के वुहान शहर से ही वायरस फैला था। यह स्पष्ट नहीं है कि सीमा कब तक बंद रहेगी। यहां अब तक 3,287 मौतें हो चुकी है। वहीं, 81, 285 लोग संक्रमित है।


सिंगापुर में सोशल डिस्टेंसिंग पालन न करने पर 6 महीने की जेल
सिंगापुर में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन न करने वाले लोगों के खिलाफ सरकार ने सख्त कदम उठाए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, जो भी व्यक्ति एक-दूसरे के बीच एक मीटर की दूरी नहीं रखेंगे उन्हें करीब 5 लाख 20 हजार रु. (10,000 सिंगापुर डॉलर) जुर्माना और छह महीने की जेल हो सकती है। यहां संक्रमण के 683 मामलों की पुष्टि हुई है।


न्यूजीलैंड में 24 घंटे में 76 नए मामले सामने आए


न्यूजीलैंड में पिछले 24 घंटे में कोविड-19 के 76 नए मामले सामने आए हैं। इसके साथ ही देश में संक्रमित मामलों की संख्या 368 हो गई है। स्वास्थ्य निदेशक एश्ले ब्लूमफील्ड ने बताया कि अब तक देश में 12,000 लोगों की जांच हो चुकी है। 37 लोग पूरी तरह से ठीक हुए हैं और 8 लोग अस्पताल में भर्ती हैं। जांच के लिए नई सुविधाएं तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि देश में कॉम्युनिटी आउटब्रेक के सबूत भी मिले हैं। शुक्रवार को न्यूजीलैंड में राष्ट्रीय लॉकडाउन का दूसरा दिन है।



Popular posts
मध्यप्रदेश / राज्यपाल ने पीएम-सीएम कोष में दिए दस-दस लाख रुपए
मप्र: लॉक डाउन का 15वां दिन / छोटे शहरों तक पहुंचा कोरोना वायरस, पूरे प्रदेश में कम्युनिटी स्प्रेड की आशंका, इंदौर और भोपाल में हालत चिंताजनक
अमेरिका / कोराना के कारण सैकड़ों भारतीय छात्र फंसे, भारतवंशी अमेरिकी होटल मालिकों ने मुफ्त ठहरने और खाने-पीने की व्यवस्था की
चीन में लॉकडाउन खत्म / वुहान से भी हटाया गया लॉकडाउन, उमड़ पड़ी भीड़; चीन में पहली बार 24 घंटे में किसी कोरोना मरीज की मौत नहीं