तुकोगंज पुलिस ने गणेश नगर में रहने वाले शर्मा टी स्टाल के संचालक शुभम पिता रमेश परमार के खिलाफ कानून उल्लंघन का केस दर्ज किया है। वह रात 11.30 बजे दुकान खोलकर बैठे थे। पुलिस जब पहुंची तो वहां भीड़ लगी हुई थी। तत्काल उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। उधर, मल्हागंज पुलिस जब रात को हुकुमचंद कॉलोनी में सांई पान सदन के पास पहुंची तो उसका संचालक मुकेश बीड़ी सिगरेट बेच रहा था। उसे भी थाने लाकर कार्रवाई की गई है।
खजराना टीआई संतोष सिंह यादव ने बाजार में घूमते वक्त मास्क नहीं लगाने वाले अमित पिता रामसेवक निवासी धीरज नगर, महेश पिता राजमल वसूनिया निवासी बापू गांधी नगर, अशर्फी नगर में रहने वाले ताजुद्दीन, मूसाखेड़ी के योगेश धीमान और ममता कॉलोनी के अंसार पठान, हमीद निवासी इना काॅलोनी, लोकेंद्र पटेल निवासी खरगोन, रियाज निवासी ताज नगर,. अजीत अदमहद निवासी इलियास कॉलोनी के खिलाफ केस दर्ज किया है। ये सभी युवक बिना मास्क के बाजार में खड़े थे। इसके अलावा बिना काम के घूम रहे लोगों पर भी कार्रवाई की गई।
कर्फ्यू में फालतू घूमने वाले 62 लोगों पर केस
कर्फ्यू में फालतू में घूमने वाले 62 लोगों के खिलाफ पुलिस ने विभिन्न थानों में केस दर्ज किया है। इनमें 22 लोगों की गिरफ्तारी भी हो गई। शहर के 15 थानों में कुल 600 लोगों को आरोपी बनाया है और उनके 450 से ज्यादा वाहन जब्त कर थाने में रख लिए हैं। डीआईजी रुचि वर्धन मिश्र ने बताया कि कर्फ्यू में बिना कारण बाहर निकलने वालों पर कार्रवाई जारी रहेगी। जरुरी कामों से निकलने वालों को उचित कारण बताने के बाद ही छोड़ा जाएगा। जिन लोगों के वाहन जब्त किए हैं उनके परिवहन विभाग से गाड़ी के रजिस्ट्रेशन निरस्त करवाए जाएंगे।